रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत केस दर्ज किया गया है।
छत्तीसगढ़ भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस को सौंपे गए शिकायत पत्र में कांग्रेस कमेटी की सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर की ओर से धमतरी जिले के कुरुद में 22 मार्च 2026 को हुए ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के दौरान बीजेपी का ध्वज फहराए जाने के फोटो एवं वीडियो को 15 अगस्त 2026 का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप है।
उक्त हैंडल्स ने झूठा दावा करते हुए कहा कि भाजपा जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज की जगह पार्टी का झंडा फहराया है। इस पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस पर वायरल किया गया। इससे जनता के बीच भ्रम, राजनीतिक तनाव और अशांति फैलाने की आशंका है।









