धमतरी में दो पक्षों में भिड़ंत, एसिड अटैक भी, पांच लोग घायल

धमतरी: शहर के गणेश चौक इलाके में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच मामूली बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और एसिड अटैक जैसी गंभीर घटना भी सामने आई. घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन लोग तेजाब की चपेट में आने से झुलस गए, जबकि दो अन्य मारपीट में घायल बताए जा रहे हैं. सभी घायलों का इलाज धमतरी और रायपुर के निजी अस्पतालों में जारी है. मामले में धमतरी पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक घटना धमतरी शहर के रामबाग क्षेत्र स्थित गणेश चौक के पास की है. बताया जा रहा है कि वार्ड की एक विवाहित महिला की मोबाइल पर इलाके के ही एक युवक से बातचीत होती थी. इसी बात को लेकर महिला के पति और उसके साथियों को युवक पर शक हुआ. आरोप है कि देर रात महिला का पति अपने साथियों के साथ युवक के घर पहुंच गया और वहां जबरन घुसकर विवाद शुरू कर दिया.

देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई. इसी दौरान एक पक्ष से तेजाब फेंके जाने की घटना सामने आई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. एसिड की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि तेजाब बर्तन साफ करने के काम में इस्तेमाल किया जाता था और आरोपी के घर में रखा हुआ था.

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे लोगों को रायपुर रेफर कर दिया गया. वहीं मारपीट में घायल अन्य लोगों का इलाज धमतरी के निजी अस्पताल में जारी है.

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज किया है. एक पक्ष पर दंगा और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष पर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध कायम किया गया है.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail