धान के साथ सब्जी उत्पादन और आधुनिक तकनीक से बढ़ी किसान ग्रीक चंद पटेल की आय

नैनो उर्वरकों, किसान क्रेडिट कार्ड और पीएम किसान सम्मान निधि से खेती को मिला नया संबल

रायपुर…. आदिवासी बहूल कोण्डागांव जिले के कुम्हारपारा निवासी प्रगतिशील किसान  ग्रीक चंद पटेल ने आधुनिक कृषि तकनीकों और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया है। धान की पारंपरिक खेती के साथ सब्जी उत्पादन और नैनो उर्वरकों के उपयोग से उन्होंने उत्पादन एवं आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है।

श्री पटेल खरीफ और रबी दोनों मौसम में खेती करते हैं। कृषि कार्यों के लिए वे किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की खरीद हेतु आवश्यक वित्तीय सहायता प्राप्त करते हैं। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाली राशि भी खेती के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था में सहायक सिद्ध हो रही है।

उन्होंने खेती में नैनो उर्वरकों का उपयोग शुरू किया है। सूक्ष्म कणों पर आधारित ये उर्वरक पत्तियों पर छिड़काव के माध्यम से पौधों तक पोषक तत्वों को प्रभावी ढंग से पहुंचाते हैं। इससे पोषक तत्वों के उपयोग की दक्षता बढ़ती है तथा फसलों की बेहतर वृद्धि और उत्पादन में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलते हैं। श्री पटेल बताते हैं कि नैनो उर्वरकों के उपयोग के बाद उनकी फसलों की गुणवत्ता और पैदावार दोनों में सुधार हुआ है।

धान की खेती के साथ वे मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी कर रहे हैं। फसल विविधीकरण के माध्यम से उन्हें वर्षभर आय के अतिरिक्त अवसर प्राप्त हो रहे हैं। बाजार की मांग के अनुरूप विभिन्न फसलों का उत्पादन कर वे अपनी आय में निरंतर वृद्धि कर रहे हैं। इसके साथ ही वे रासायनिक उर्वरकों की अपेक्षा जैविक खादों के उपयोग को भी प्राथमिकता देते हैं, जिससे खेती अधिक टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बन रही है।

ग्रीक चंद पटेल शासन की योजनाओं का लाभ, आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग तथा फसल विविधीकरण अपनाकर अपनी उत्पादकता और आय में उल्लेखनीय वृद्धि की है। उनकी सफलता अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment