धमतरी। महान संत सम्राट, संत शिरोमणि कबीर साहेब की 629वीं जयंती के उपलक्ष्य में 14 जून को 10.30 से 1.30 बजे तक कबीर नगर, रत्नाबांधा, धमतरी में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से होगा। इसके पश्चात कबीर साहेब की मूल वाणी बीजक पाठ एवं कबीर भजनों की प्रस्तुति की जाएगी। तत्पश्चात संत-महात्माओं एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन किया जाएगा तथा कबीर वाणी पर विचार गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें संतजन एवं अतिथि अपने विचार व्यक्त करेंगे।अंत में गुरु पूजा और भोजन भंडारा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न आश्रमों से संत-साध्वियों का आगमन होगा तथा प्रदेश के विभिन्न अंचलों से श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भवन निर्माण कार्य का भूमि-पूजन भी संपन्न होगा। साथ ही सामाजिक जागृति एवं नशा उन्मूलन के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ संत संगठन, सद्गुरु कबीर विश्व शांति मिशन छत्तीसगढ़ संत संगठन के संतों, जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन धमतरी की उपस्थिति में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।
यह अभियान आगामी छह माह तक संपूर्ण छत्तीसगढ़ में चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से नशामुक्ति एवं जनजागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
संत श्री रविकर साहेब (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ संत संगठन) ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यक्रम की तैयारियों एवं कार्ययोजना को अंतिम रूप देने हेतु 10 जून प्रातः 10:00 बजे कबीर संस्थान, धमतरी में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई है।








