Kurud : 78 साल की परंपरा का 79वां सोपान, सेमरा में 11 से अखंड रामधुनी यज्ञ

25 रामधुनी मंडलियां देंगी रामकथा व झांकी की प्रस्तुति, गायन-झांकी में अलग-अलग पुरस्कार

कुरुद। ग्राम सेमरा (भखारा) में 78 वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पोला एवं तीज पर्व के अवसर पर पांच दिवसीय अखंड श्रीरामधुनी यज्ञ एवं प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 15 सितंबर तक किया जाएगा। ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह धार्मिक आयोजन इस परंपरा के 79वें सोपान के रूप में संपन्न होगा।
शुक्रवार से बस स्टैंड चौक में शुरू होने वाले आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों की ख्यातिनाम 25 रामधुनी मंडलियां शामिल होंगी। निर्धारित समय के अनुसार मंडलियां संगीतमय रामकथा गायन के साथ आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति देंगी। आयोजन समिति ने रामधुनी गायन और झांकी प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग पुरस्कारों की व्यवस्था की है।
दोनों वर्गों में प्रथम पुरस्कार 2501, द्वितीय 2201, तृतीय 2001, चतुर्थ 1701, पंचम 1501, षष्ठम 1301, सप्तम 1101, अष्टम 900, नवम 700 तथा दशम पुरस्कार 500 रुपए रखा गया है। इसके अलावा सभी सहभागी रामधुनी मंडलियों को अलग से प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्राम विकास समिति, रामधुनी यज्ञ आयोजन समिति, सरपंच एवं पंचगण सहित ग्रामवासी तैयारियों में जुटे हुए हैं। पांच दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment