धमतरी। जिले के वनांचल क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली है। जिले के अंतिम छोर पर बसे बेलरगांव इलाके के कोरमुड़ गांव में तेंदुए के हमले में एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान चौथराम मंडावी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार शाम शौच के लिए गांव के पास पहाड़ी इलाके की ओर गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह पहाड़ी क्षेत्र में चौथराम का शव बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक मृतक का एक हाथ और पैर गायब था, वहीं पेट भी फटा हुआ मिला। घटनास्थल पर घसीटने के निशान भी पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए के हमले में उसकी मौत हुई है।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।








