रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी झारखंड के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का असर प्रदेश में साफ दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। हालांकि, मानसून की रफ्तार अब भी सामान्य से पीछे चल रही है। प्रदेश में अब तक औसतन करीब 25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। यही वजह है कि कृषि कार्य और जलाशयों में जलभराव भी अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले दो दिनों की बारिश से इस कमी में कुछ हद तक सुधार हो सकता है।
रविवार और सोमवार को सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।










