राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पहले दिन जिले के 92 प्रतिशत बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

धमतरी। जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ आज शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, ईतवारी बाजार धमतरी से किया गया। शुभारंभ अवसर पर महापौर श्री जगदीश रामूरोहरा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, जिला टीकाकरण अधिकारी एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आदित्य सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेहाना कदीर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा जैन, बांसपारा पार्षद चन्द्रभागा साहू सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक ने बताया कि जिले में अभियान के प्रथम दिवस उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करते हुए निर्धारित लक्ष्य के 92 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। पहले दिन जिले के 1 लाख 1 हजार 734 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई।

उन्होंने बताया कि विकासखंडवार गुजरा में 22,623, नगरी में 22,651, कुरूद में 27,819, मगरलोड में 15,360 तथा धमतरी शहरी क्षेत्र में 13,281 बच्चों का टीकाकरण किया गया।

अभियान के अंतर्गत जिले में प्रातः 7 बजे से शाम 4 बजे तक पोलियो बूथों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, पंचायत भवनों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं चयनित विद्यालयों में टीकाकरण किया गया। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों एवं आवागमन वाले स्थानों पर तैनात ट्रांजिट दलों ने यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई। टीकाकरण उपरांत प्रत्येक बच्चे के बाएं हाथ की छोटी उंगली पर इंडेलिबल मार्कर से निशान लगाया गया।

अभियान की सफलता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा कोटवारों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कौशिक ने जिले के सभी पालकों से अपील की है कि जिन बच्चों को प्रथम दिवस पोलियो की खुराक नहीं मिल सकी है, उन्हें आगामी घर-घर भ्रमण के दौरान स्वास्थ्य दलों को अवश्य उपलब्ध कराएं, ताकि जिले का कोई भी पांच वर्ष से कम आयु का बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment