धमतरी जिले में नीट (यूजी) 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण  संपन्न

धमतरी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा आज जिले के चार परीक्षा केन्द्रों में शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई।

जिले में परीक्षा के लिए कुल 1176 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1053 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 123 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का संचालन एनटीए के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया गया।

परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों के प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक अनियमितता रोकने के लिए जैमर तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई थी।
परीक्षा के सुचारू संचालन एवं सतत निगरानी के लिए प्रत्येक केन्द्र में कार्यपालिक दण्डाधिकारी एवं ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए थे। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में परीक्षा की सभी तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं। अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार पूरी कराई गई तथा पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया गया। परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रों में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण बना रहा।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail