दंतेवाड़ा के प्रगतिशील पशुपालकों ने आमदी में सीखी आधुनिक पशुपालन की उन्नत तकनीकें

धमतरी। जिले के मुख्य ग्राम इकाई आमदी स्थित गौ शाला में आज दंतेवाड़ा जिले से आए प्रगतिशील पशुपालकों के अध्ययन भ्रमण दल के लिए विशेष तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों से अवगत कराकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान पशु प्रजनन विशेषज्ञ डॉ. टी.आर. वर्मा ने पशुओं में नस्ल सुधार, संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार प्रबंधन, वैज्ञानिक पशुपालन, पशु स्वास्थ्य संरक्षण तथा आधुनिक प्रजनन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान में सेक्स-सॉर्टेड सीमन के उपयोग से उच्च दुग्ध उत्पादन क्षमता वाली मादा बछियों की प्राप्ति की संभावना बढ़ जाती है, जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि हो सकती है।

कार्यक्रम में ऋतु में आई गाय का प्रत्यक्ष कृत्रिम गर्भाधान कर तकनीक का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया। इससे पशुपालकों को वैज्ञानिक विधियों को समझने और उन्हें अपने क्षेत्र में अपनाने का अवसर मिला। विशेषज्ञों ने पशुपालकों को पशुओं के नियमित टीकाकरण, कृमिनाशन, स्वच्छता प्रबंधन तथा हरे चारे के उत्पादन के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान पशुपालकों ने विभिन्न तकनीकी विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया तथा आधुनिक पशुपालन मॉडल का अवलोकन किया। उन्होंने गौठान में संचालित गतिविधियों और वैज्ञानिक प्रबंधन की सराहना की।

इस अवसर पर संस्था प्रभारी  एम.आर. नेताम (एवीएफओ) एवं  नेमीचंद निषाद (परिचारक) उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ, जो भविष्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुओं की उत्पादकता सुधारने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail