महासमुंद में पुलिस ने किया 9 क्विंटल 98 किलो 70 ग्राम गांजा का नष्टिकरण

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त गांजा का नष्टीकरण किया है। शासन के दिशा-निर्देशों के तहत और जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में कुल 09 क्विंटल 98 किलो 70 ग्राम गांजा पूरी तरह नष्ट किया गया। इस पूरी कार्रवाई को नियमानुसार बालाजी प्लांट बेलसोण्डा में अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, नष्ट किए गए मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत 5 करोड़ 12 लाख 5 हजार 500 रुपये बताई गई है। यह गांजा महासमुंद जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के कुल 07 मामलों में जब्त किया गया था, जिसे लंबे समय से सुरक्षित रखा गया था।

कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। यह पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की देखरेख में संपन्न हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक महासमुंद, जिला आबकारी अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक), एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के नोडल अधिकारी और रक्षित निरीक्षक महासमुंद शामिल रहे। सभी अधिकारियों की मौजूदगी में भौतिक सत्यापन के बाद मादक पदार्थ को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए गांजे के कुल 07 प्रकरणों में थाना कोमाखान के 03 मामले, थाना बसना का 01 मामला तथा थाना सांकरा के 03 मामले शामिल हैं। यह सभी मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए थे, जिनमें वर्ष 2025 के 03 प्रकरण और वर्ष 2026 के 04 प्रकरण शामिल हैं।

 

 

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment