मछली व्यापारी की हत्या का खुलासा, साथ काम करने वाले ही निकले कातिल

धमतरी। नगरी क्षेत्र में घटित हत्या एवं लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा किया।  पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी उजागर हुई।

जानकारी के मुताबिक  मृतक विप्लव मंडल निजी फिश फार्म का संचालन करता था, उसके यहां आरोपी मजदूरी करते थे। मजदूरी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने तथा मृतक द्वारा लगातार अपमानजनक व्यवहार एवं गाली-गलौज किए जाने से आरोपी लंबे समय से रंजिश रखने लगे थे। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 25 जून 2026 को हत्या की योजना बनाई थी, किन्तु परिस्थितिवश उसे अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद उन्होंने पुनः सुनियोजित षड्यंत्र रचते हुए 27 जून 2026 को हत्या एवं लूट की वारदात को अंजाम देने का निर्णय लिया। आरोपियों ने मृतक की गतिविधियों पर नजर रखी और उसके नगरी बाजार से मछली बिक्री कर लौटने की जानकारी मिलते ही गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान जंगल क्षेत्र में घात लगाकर बैठ गए। मृतक के वहां पहुंचते ही आरोपियों ने लकड़ी के डंडों एवं धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद मृतक के पास रखी मछली बिक्री की नगदी राशि एवं मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए तथा लूटी गई रकम का आपस में बंटवारा कर लिया।

नगरी पुलिस एवं साइबर टीम द्वारा लगातार पतासाजी, तकनीकी विश्लेषण एवं सघन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेण्डम कथनों एवं निशानदेही के आधार पर घटना में लूटी गई संपूर्ण नगदी, मृतक के मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहन सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए, जिससे हत्या एवं लूट की पूरी साजिश का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment