कृषि एवं सम्बद्ध विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा, किसानों की आय बढ़ाने एवं खरीफ तैयारियों पर दिया गया विशेष जोर

धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश कुमार चन्द्रवंशी की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत धमतरी के सभागार में कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, सहकारिता एवं सिंचाई विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अध्यक्ष श्री चन्द्रवंशी ने खरीफ सीजन 2026 के लिए खाद, बीज एवं कीटनाशकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी समितियों में सुचारू वितरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं राज्य शासन की किसान हितैषी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अध्यक्ष श्री चन्द्रवंशी ने किसानों की आय में वृद्धि के लिए उद्यानिकी फसलों, डेयरी, बकरीपालन एवं मत्स्यपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ सहायक व्यवसायों को प्रोत्साहित कर किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

बैठक में मैदानी अमले को नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। अध्यक्ष ने कहा कि शासन की मंशा किसानों की आय में वृद्धि करने तथा उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान उपलब्ध कराने की है।

बैठक में संयुक्त संचालक कृषि, उप संचालक कृषि, उप संचालक पशुपालन, सहायक संचालक उद्यानिकी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला विपणन कार्यालय के अधिकारी, श्री लालाराम चन्द्राकर, भारतीय किसान संघ एवं किसान मोर्चा के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail