रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के सामने चुनौती बढ़ गयी है। प्रदेश की दो बड़ी परीक्षा एक ही तारीख को प्रस्तावित है। परीक्षा की तारीखों के टकराव ने बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है। पुलिस SI भर्ती की मुख्य परीक्षा और शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख एक ही दिन पड़ने की स्थिति बन रही है। 25 अक्टूबर को दोनों परीक्षाएं प्रस्तावित होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस विभाग की SI भर्ती प्रक्रिया के तहत मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को आयोजित की जानी है। वहीं शिक्षक भर्ती परीक्षा भी 25 अक्टूबर को प्रस्तावित बताई जा रही है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने दोनों भर्तियों के लिए आवेदन किया है, उनके सामने एक परीक्षा चुनने की मजबूरी पैदा हो सकती है। ये दोनों परीक्षा प्रदेश के लिए काफी बड़ी है, जिसमें हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे।
25 अक्टूबर को आमने-सामने होंगी दोनों परीक्षाएं
पुलिस SI भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा में सफल हुए 7,301 अभ्यर्थी अब मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में 25 अक्टूबर भी शामिल है। इसी तारीख पर शिक्षक भर्ती परीक्षा प्रस्तावित होने से दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से दोनों परीक्षाओं की तैयारी करने के बाद तारीखों के टकराव के कारण किसी एक अवसर को छोड़ना पड़ सकता है।








