रायपुर। प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान छेड़ने का ऐलान किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस 1 अगस्त से बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और बिजली बिल हाफ योजना की बहाली को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। 3 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की प्रमुख मांग है कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू किया जाए, बिजली की बढ़ी हुई दरें वापस ली जाएं और स्मार्ट मीटर हटाए जाएं। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार पांच बार बिजली की दरों में वृद्धि की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।









