धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस यातायात द्वारा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में धमतरी यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर विशेष यातायात अभियान चलाकर नो-पार्किंग एवं सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान रत्नाबांधा से श्यामतराई मार्ग, रत्नाबांधा से जिला अस्पताल मार्ग तथा सिहावा चौक से नहरनाका मार्ग पर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान 22 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई। इनमें 12 वाहनों के ई-चालान जारी कर 35,000 रूपये का जुर्माना तथा 10 वाहनों के मैन्युअल चालान कर 3,000 रूपये का जुर्माना किया गया। इस प्रकार 38,000 रूपये की चालानी कार्यवाही की गई।
यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि मुख्य मार्गों एवं नो-पार्किंग क्षेत्रों में बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने से सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे यातायात का दबाव बढ़ता है और वाहन चालकों एवं पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे वाहनों के कारण कई बार दुर्घटना की स्थिति निर्मित होने के साथ-साथ एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।
धमतरी पुलिस द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें तथा नो-पार्किंग क्षेत्र, मुख्य सड़क, मोड़, अस्पताल एवं अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास वाहन खड़ा करने से बचें। यातायात नियमों का पालन केवल चालानी कार्यवाही से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।








