जारी रहेगी सत्य की लड़ाई, अब न्यायालय में मांगूंगा न्याय : योगेन्द्र देवांगन

धमतरी। ग्राम सिर्री निवासी योगेन्द्र देवांगन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि वह पिछले कई वर्षों से अपने गांव में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं तथा वैधानिक प्रक्रिया के तहत शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत करते रहे हैं।

योगेन्द्र देवांगन का आरोप है कि इन मुद्दों को उठाने के कारण कुछ लोगों ने उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध कथित रूप से झूठा, भ्रामक और मानहानिकारक प्रचार किया। उनका कहना है कि देशांत सिन्हा ने स्वयं को बचाने के लिए अपने कथित सहयोगियों के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

उन्होंने दावा किया कि आज तक भारत के किसी भी पुलिस थाने में उनके विरुद्ध कोई एफआईआर दर्ज नहीं है। इसके बावजूद उन्हें अपराधी के रूप में प्रस्तुत करने तथा सोशल मीडिया समूहों में उनके संबंध में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।

प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने आरोप लगाया कि अनूप साहू (निवासी करेली बड़ी) द्वारा लगातार अभद्र टिप्पणियां की गईं तथा मनीष कंडरा द्वारा भी विभिन्न सोशल मीडिया समूहों में उनके नाम का उल्लेख कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

योगेन्द्र देवांगन के अनुसार, उन्होंने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस द्वारा सक्षम न्यायालय में जाने की सलाह दिए जाने के बाद अब उन्होंने न्यायालय की शरण लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध ₹50 लाख का मानहानि दावा सहित उपलब्ध सभी वैधानिक कानूनी कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और उनका संघर्ष किसी व्यक्तिगत द्वेष के लिए नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment