धमतरी। ग्राम भेंडरा में पिछले दो दिनों से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा खत्म हो गया है। हाईटेंशन टावर की 50 फीट ऊंची चोटी पर चढ़े 32 वर्षीय किसान को पुलिस और प्रशासन ने भारी मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया है।
टावर पर चढ़ा युवक यादराम साहू पेशे से किसान है। उसकी दो पत्नियां हैं, जिनकी आपस में बिल्कुल नहीं बनती। इसी वजह से घर में लगातार पारिवारिक कलह चल रही थी। युवक की मांग थी कि उसकी दोनों पत्नियां आपसी विवाद छोड़कर उसके साथ एक ही घर में रहें। इसी मांग को लेकर वह शनिवार सुबह अपने ट्रैक्टर से टावर तक पहुंचा और अत्यधिक शराब के नशे में 50 फीट ऊपर जा बैठा।
पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए युवक से लगातार बातचीत की और उसे मनाने की कोशिश की। आखिरकार प्रशासन की समझाइश काम आई, लेकिन युवक ने नीचे उतरने के लिए एक अनोखी शर्त रखी। उसने कहा कि नीचे मौजूद भीड़ में से कोई भी उसका वीडियो नहीं बनाएगा। पुलिस द्वारा इस शर्त को मानने और आश्वासन देने के बाद युवक धीरे-धीरे सुरक्षित नीचे उतर आया। फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर उसकी काउंसलिंग की जा रही है ।







