खरतुली में तीन युवकों ने की एक युवक के साथ मारपीट

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खरतुली में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। तीन युवकों द्वारा युवक को बंधक बनाकर पीटने और अपमानित करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक रूपेश साहू (27) निजी कंपनी में कार्यरत है। रविवार को गांव के कुछ युवकों ने किसी विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में आरोपी युवक नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं। वे पहले पीड़ित के बाल पकड़कर उसे खड़ा करते हैं और फिर चप्पल व हाथों से लगातार मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चप्पल पर थूककर उसी से युवक के सिर और चेहरे पर वार किया। इसके बाद उसे जबरन माफी मांगने के लिए कहा गया। आरोपियों ने युवक को ‘सॉरी’ बोलने और खुद को ‘बाप’ कहने के लिए भी मजबूर किया। इतना ही नहीं, उसे पैर छूने के लिए दबाव बनाया गया। इस दौरान आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट का वीडियो बनाते रहे।

ग्रामीणों ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले 
घटना के एक अन्य वीडियो में आरोपी युवक पर थप्पड़ बरसाते और बेल्ट से मारने की कोशिश करते भी नजर आ रहे हैं। वहीं पास खड़ा एक युवक धारदार हथियार निकालने का प्रयास करता दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपियों की तलाश शुरू की, जिसमें एक युवक ग्रामीणों के हाथ लग गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment