धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम डाही में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि वारदात में मृतक के साथ मौजूद उसके ही साथी शामिल हैं। मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम डाही निवासी हुलास मंडावी सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच गांव के शीतला मंदिर के पास स्थित टावर क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर हुलास और उसके एक साथी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन नशे की हालत में हुलास ने कथित तौर पर साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।विवाद के बाद युवकों ने हुलास के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।









