धमतरी…. जिले में जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 से 25 मई तक ‘‘जनजातीय गरिमा उत्सव जनभागीदारी अभियान’’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले के पीएम-जनमन एवं धरती आबा योजना से जुड़े ग्रामों में संतृप्ति अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा ग्राम स्तरीय सघन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान अधिकारियों, आदिकर्मयोगियों तथा गैर सरकारी संगठनों द्वारा ग्राम भ्रमण एवं पैदल यात्रा आयोजित कर ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया जाएगा। साथ ही लोगों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करने, संवाद स्थापित करने तथा जनसुनवाई की तिथियों की जानकारी देने जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
धरती आबा ग्रामों में संचालित आदि सेवा केन्द्रों में प्रतिदिन जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और अधिकारों से संबंधित प्रकरणों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन धमतरी ने विशेष पिछड़ी जनजाति कमार सहित अनुसूचित जनजातीय समुदाय के अधिक से अधिक लोगों से अभियान में सहभागिता करने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।







