बेमेतरा। जिले के राउलपुर गांव में बारिश के बीच घर के पास अचानक कच्ची मिट्टी की दीवार भरभराकर गिरने से दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय वंशिका और 10 वर्षीय राधिका खाना खाने के बाद घर के बाहर हाथ धोने गई थीं। इसी दौरान लगातार बारिश से कमजोर हो चुकी मिट्टी की दीवार अचानक ढह गई और दोनों बच्चियां उसके नीचे दब गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां अपने माता-पिता के साथ एक दिन पहले ही रायपुर से गांव लौटी थीं। किसी ने भी नहीं सोचा था कि घर लौटने की खुशी कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएगी। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।









