नवापारा। शनिवार दोपहर महानदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपनी पत्नी के साथ नेहरू घाट के पास नहाने पहुंचा था, जहां गहरे पानी में चले जाने से वह नदी की तेज धारा में समा गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 2.45 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट के पास नहाने पहुंचे थे। प्रदीप नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी घाट पर कपड़े धो रही थीं। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो अन्य मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े। दोनों ने जान जोखिम में डालकर बच्चों तक पहुंचने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूसरे युवक ने किसी तरह दोनों बच्चों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में वे गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।









