धमतरी। शहर के टिकरापारा इलाके में एक बार फिर विशेष समुदाय द्वारा किए जा रहे प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया. विवाद इतना बढ़ा की मौके पर पहुंचकर एएसपी को कमान संभालनी पड़ी. मौके पर हंगामा कर रहे हिंदू जागरण मंच के लोगों का आरोप था कि यहां प्रार्थना सभा की आड़ में लोगों को भारी संख्या में जमा किया गया था. हंगामा कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि प्रार्थना सभा के नाम पर लोगों को हिदू धर्म से विमुख करने की साजिश रची जा रही थी. हिंदू जागरण मंच के सदस्यों ने आरोप लगाया कि यहां पर धर्मांतरण की कोशिश की जा रही थी, जिसका वो विरोध कर रहे हैं.
मौके पर प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि स्वेच्छा से अगर कोई धर्म बदलना चाहता है तो उसके लिए कानून है. लेकिन अगर कोई गलत तरीके से किसी को बरगलाकर या लालच देकर धर्मांतरण कराता है तो ये गलत है और कानून जुर्म भी. हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस टीम के साथ मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल भी पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों को पहले तो हंगामा करने से रोका फिर समझा बुझाकर दोनों को शांत कराया.









