तहसील साहू संघ मगरलोड के वार्षिक अधिवेशन का आयोजन, समाज ने 1000 पौधों का किया वितरण
मगरलोड। मधुबन धाम (राकाडीह) में जिले के तहसील साहू संघ मगरलोड के वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक संघठन को मजबूत करने, समाजहित से जुड़े विषयों, नशा मुक्ति, शिक्षा, संस्कार, युवाओं की भूमिका और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान साहू समाज की तरफ से 1000 पौधों का वितरण किया गया। अधिवेशन के मुख्य अतिथि जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा थे। अध्यक्षता जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में जिला साहू संघ धमतरी के उपाध्यक्ष राजेंद्र साहू एवं संगठन सचिव सुभाष साहू उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि समाज को संगठित होकर नशा मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ना होगा। समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त कर आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, संस्कार और सही दिशा देना जरुरी है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज को जागरूकता के साथ ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है, इसलिए सामाजिक गतिविधियों में नारी शक्ति की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। समाज की एकता और प्रगति के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस दौरान मांग पात्र के आधार पर टीना शेड निर्माण की भी घोषणा की गई।
जनपद पंचायत मगरोड के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू ने कहा कि समाज की एकता और मजबूती ही विकास का आधार है। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। आपसी सहयोग, भाईचारे और समन्वय से सामाजिक समस्याओं का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और संस्कार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। अधिवेशन को जिला साहू संघ धमतरी के संगठन सचिव सुभाष साहू ने भी संबोधित किया।









