Dhamtari : ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस, आवास दिवस एवं चावल उत्सव के माध्यम से योजनाओं से जोड़ा गया ग्रामीणों को

वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में हुआ रोजगार दिवस का आयोजन

आवास पूर्णता में तेजी, जल संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर
कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में हुए विविध आयोजन

धमतरी…. कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित होने वाले रोजगार दिवस के अवसर पर विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अर्थात वीबी-जी रामजी योजना के तहत आयोजित रोजगार दिवस के साथ आवास दिवस, चावल उत्सव तथा जल संरक्षण एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं से सीधे जोड़ना और पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध लाभ दिलाना रहा।
राज्य कार्यालय एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार, आवास, आजीविका, जल संरक्षण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष प्रयास किए गए। रोजगार दिवस के दौरान ग्रामीणों एवं श्रमिकों को वीबी-जी रामजी योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए रोजगार की मांग करने, रोजगार प्राप्त करने तथा योजना के तहत मिलने वाले अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीण परिवारों को उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी देने के साथ अधिकतम पात्र श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
ग्रामीणों को बताया गया कि 1 जुलाई 2026 से योजनांतर्गत नियोजित श्रमिकों को 300 रुपये प्रतिदिन की दर से मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार की मांग एवं उपलब्धता, स्वीकृत कार्यों तथा श्रमिकों की भागीदारी की जानकारी भी साझा की गई। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ गांवों में उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
आवास दिवस में अपूर्ण आवासों की पूर्णता पर जोर

आवास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना एवं जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत, प्रगतिरत एवं लंबित आवासों की समीक्षा की गई। हितग्राहियों को अपने आवास निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया। अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने तथा योजनाओं से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम पंचायत स्तर पर हितग्राहियों को आवास निर्माण के विभिन्न चरणों एवं उपलब्ध सहायता की जानकारी भी दी गई।
चावल उत्सव के माध्यम से खाद्य सुरक्षा योजनाओं की जानकारी
चावल उत्सव के दौरान ग्रामीणों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न तथा पात्र परिवारों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। राशन की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं पात्रता संबंधी जानकारी साझा करते हुए ग्रामीणों को खाद्य सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। आयोजन का उद्देश्य पारदर्शी एवं सुचारू खाद्यान्न वितरण व्यवस्था के प्रति लोगों में विश्वास और जागरूकता को और मजबूत करना रहा।
जल संरक्षण और जनभागीदारी को दिया गया बढ़ावा
कार्यक्रमों के दौरान जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से संबंधित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने तथा ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा गांव की आवश्यकता के अनुरूप जल संरचनाओं के निर्माण एवं रखरखाव के महत्व से अवगत कराया गया। ग्राम पंचायतों में स्वीकृत एवं पूर्ण विकास कार्यों तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी जनसामान्य तक पहुंचाई गई।
सफल हितग्राहियों और उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों की कहानियां होंगी साझा
आयोजनों के दौरान योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय स्तर पर प्रेस विज्ञप्ति, सोशल मीडिया, फोटोग्राफ एवं वीडियो सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित सफल हितग्राहियों की प्रेरक कहानियों को सामने लाने पर भी जोर दिया गया, ताकि अन्य ग्रामीण परिवारों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिल सके।
इस संबंध में सीईओ जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने कहा कि वीबी-जी रामजी योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। रोजगार दिवस, आवास दिवस एवं चावल उत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ दिलाने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिले के धमतरी, कुरुद, मगरलोड एवं नगरी विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों, श्रमिकों, हितग्राहियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की सहभागिता रही। आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनभागीदारी को मजबूत करने और गांवों के समग्र विकास को गति देने का संदेश दिया गया

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment