सेवा संकल्प अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला, 80 किसानों ने सीखी संरक्षित खेती की बारीकियां

कलेक्टर ने आधुनिक उद्यानिकी अपनाने और योजनाओं का लाभ लेने किया आह्वान

पॉली हाउस की खेती से बढ़ेगी किसानों की आमदनी, एनएचबी ने बताईं योजनाएं

धमतरी। खेती को पारंपरिक तौर-तरीकों से आगे बढ़ाकर आधुनिक और व्यावसायिक स्वरूप देने की दिशा में धमतरी के किसान तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड द्वारा कलेक्टर सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के करीब 80 किसानों ने हिस्सा लिया और पॉली हाउस सहित संरक्षित खेती की तकनीक, योजनाओं तथा वित्तीय सहायता की जानकारी ली।

कार्यशाला में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की उप संचालक श्रीनेजा ने बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को विशेष रूप से संरक्षित खेती, पॉली हाउस में फूलों एवं सब्जियों की व्यावसायिक खेती, अनुदान एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं से जुड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और बैंक ऋण संबंधी पहलुओं की भी जानकारी दी।

पॉली हाउस खेती के अनुभव किसानों ने किए साझा
कार्यशाला में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की योजनाओं से पूर्व में लाभान्वित किसान  अजय केला और दुर्गेश चन्द्राकर ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने पॉली हाउस में खेती के दौरान आने वाली चुनौतियों, उत्पादन, रखरखाव तथा बाजार से जुड़ी जानकारी अन्य किसानों के साथ साझा की।
कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर किसान खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक किसानों से राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की योजनाओं का लाभ लेने तथा पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक एवं व्यावसायिक उद्यानिकी को अपनाने का आह्वान किया।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा, “पॉली हाउस जैसी संरक्षित खेती किसानों को मौसम की अनिश्चितताओं के बीच बेहतर उत्पादन और गुणवत्तापूर्ण उपज का अवसर देती है। किसान केवल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि प्रसंस्करण और विपणन पर भी ध्यान दें। विभाग यह सुनिश्चित करे कि किसानों को योजनाओं की जानकारी से लेकर उनके लाभ प्राप्त करने तक आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग मिले।”

खेतों में जाकर सीखेंगे पॉली हाउस की बारीकियां
कृषकों को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखते हुए आगामी माह में प्रक्षेत्र भ्रमण कराने के निर्देश दिए गए हैं। भ्रमण के दौरान किसान पॉली हाउस के संचालन, रखरखाव, उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन की बारीकियों को व्यवहारिक रूप से समझ सकेंगे।

कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरूण सार्वा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा, उप संचालक उद्यान श्रीमती पूजा कश्यप साहू, उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री इन्दर कुमार टिलवानी उपस्थित रहे।

बैंक ऋण की अड़चनें दूर करने पर जोर
एनएचबी की योजनाओं के तहत ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया में किसानों को बैंकों से संबंधित होने वाली समस्याओं और कठिनाइयों पर भी चर्चा हुई। बैंक अधिकारियों एवं किसानों के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित कर ऋण प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में बाबूलाल साहू (कुरूद), दुर्गेश चन्द्राकर (कुरूद), गुड्डू चन्द्राकर (धमतरी), खिलेश साहू (मगरलोड) और देवेन्द्र शर्मा (धमतरी) ने राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment