धमतरी। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिले के ग्राम नारी स्थित महानदी क्षेत्र में केंद्रीय खान उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान पांच चैन माउंटेन मशीनों को रेत उत्खनन करते हुए पकड़ा।
31 मई की रात की गई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने महानदी के बीचों-बीच भारी मशीनों को सक्रिय रूप से उत्खनन कार्य करते पाया। टीम के मौके पर पहुंचते ही खनन क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मशीन संचालकों से वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर कोई भी वैध कागजात उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
जांच के दौरान अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल अवैध खनन का प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत पांचों मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया। खनिज विभाग ने जब्त मशीनों पर नोटिस चस्पा करते हुए संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और तथ्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









