कवर्धा में किसानों का प्रदर्शन स्थगित, सरकार ने मानी प्रमुख मांगें

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में चल रहा किसानों का प्रदर्शन स्थगित हो गया है. भारतीय किसान संघ 8 अक्टूबर से अपनी 23 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा था. किसानों ने शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर वाहन खड़े कर चक्काजाम कर दिया था. इस बीच भारतीय किसान संघ के प्रदेश पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव के साथ बैठक हुई. बैठक में प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद संघ ने अपना प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा की.

सरकार ने गन्ने की खरीदी दर 329 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है. इसके अलावा कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये अनुदान देने, धान खरीदी केंद्रों में तौल की मात्रा 41.500 किलो से घटाकर 40.700 किलो करने और बिजली के निजीकरण की योजना पर रोक लगाने जैसे मुद्दों पर सहमति बनी है. किसान संघ ने साफ किया है कि आंदोलन समाप्त नहीं, बल्कि फिलहाल स्थगित किया गया है. शेष मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में आने वाले समय में प्रदेशभर के किसान राजधानी रायपुर में प्रदर्शन करेंगे.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment