शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुगली में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को यातायात नियमों की दी गई जानकारी

धमतरी। पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव, नवीन कानूनों की जानकारी एवं नशामुक्ति के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत यातायात पुलिस की टीम द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुगली पहुंचकर छात्राओं को यातायात नियमों एवं उनके उल्लंघन पर निर्धारित दंड के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। साथ ही सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, यातायात संकेतों का पालन करने एवं सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त छात्राओं को नवीन आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराते हुए साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों एवं उनसे बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी ऑनलाइन ऑफर तथा ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

धमतरी पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन में जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना भी है। इसी उद्देश्य से जिले में सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment