मां शीतला शक्ति पीठ सिहावा में परंपरानुसार हुआ नवकन्या पूजा

धमतरी। इन दिनों शारदीय नवरात्रि का पर्व चल रहा है। लिहाजा पूरे देश और प्रदेश में इस पर्व को धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी मंदिरो में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। वहीं धमतरी जिले वनांचल क्षेत्र सिहावा में जंगलों और पहाड़ी के नीचे विराजमान प्रसिद्ध मां शीतला शक्ति पीठ में परंपरानुसार नवकन्या पूजन का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की प्रतीक कन्याओं एवं लँगूरवा महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

आचार्य नारायण पाठक ने बताया कि नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। छोटी कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा-अर्चना की जाती है। इसी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए मां शीतला शक्ति पीठ में नवकन्या पूजन विधि-विधान से संपन्न कराया गया।

पूजन के पश्चात नवकन्याओं एवं लँगूरवा महाराज को खीर, पूड़ी, विभिन्न प्रकार के फल एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सभी को श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार कन्याओं को गर्भगृह में मां शीतला मैया के दर्शन कराए गए तथा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

नवरात्रि के इस पावन अवसर पर मां शीतला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने माता के चरणों में शीश नवाकर अपने परिवार, गांव एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मंदिर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों एवं पूजा-पाठ से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर नजर आया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment