एसपी  भावना पांडेय ने  रावण दहन स्थल का किया निरीक्षण

धमतरी। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नवरात्रि गरबा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, झांकी एवं रावण दहन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रमों में सभी प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं डीएसपी स्तर के अधिकारी लगातार विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की सतत निगरानी एवं मुस्तैदी से गरबा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं।

इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक  भावना पांडेय ने एकलव्य मैदान स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं नगर निगम की टीम को आयोजन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग एवं यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए।

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं झांकी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आवागमन सुचारु रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सादे वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

असामाजिक तत्वों, संदिग्ध गतिविधियों एवं चाकू लेकर घूमने अथवा चाकूबाजी जैसी घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। शांति व्यवस्था भंग करने या कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  शैलेन्द्र कुमार पांडेय,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी.पटेल, डीएसपी  भानुप्रताप चंद्राकर, उप आयुक्त  प्रवीण सार्वा,  शशांक मिश्रा स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम,थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित नगर निगम की टीम उपस्थित रही।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment