धमतरी। ज्वेलरी रिपेयरिंग दुकान का शटर तोड़कर नकबजनी करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की चांदी, 3 मोबाइल फोन एवं स्कूटी जब्त किया गया। वहीं चोरी के सोने के टुकड़े की बिक्री में संलिप्त अन्य 02 आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सेठिया ज्वेलर्स के सामने स्थित सोने-चांदी की रिपेयरिंग दुकान से 11 अक्टूबर की रात्रि से 12 अक्टूबर की सुबह के मध्य अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर 9 ग्राम गलाए हुए सोने के टुकड़े, करीब 500 ग्राम गलाए हुए चांदी के टुकड़े एवं 6,500 रूपये नगद पार कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यादव भवन, आमातालाब के पास दो संदेही युवक चोरी के चांदी के टुकड़े बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी जयेश शर्मा ने दुकान का ताला तोड़कर सोने एवं चांदी के टुकड़े चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए सोने के टुकड़े को हफीज खान एवं शेख इस्लाम उर्फ छोटू को बेचने के लिए दिया था, जबकि चोरी की नगदी खर्च कर दी गई। रविवार को दोनों आरोपी चोरी की चांदी के तीन गलाए हुए टुकड़े बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।








