रायपुर… छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2 तृतीय श्रेणी के अंतर्गत उपसमूह-02 के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। 4 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञापन के अनुसार, कुल 1710 पदों का विवरण सामने आया था। इनमें सहायक ग्रेड-3, डाटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनो टाइपिस्ट, शीघ्रलेखक, पंजीयन लिपिक और सहायक उप निरीक्षक सहित विभिन्न पद शामिल हैं। मंडल ने भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तारीख भी घोषित की है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने और समाप्त होने की तारीखों का विस्तृत विवरण अलग से जारी किया जाना है।
प्रारंभिक विज्ञापन में सबसे अधिक पद सहायक ग्रेड-3 के निर्धारित किए गए हैं। इस पद के लिए 1206 रिक्तियों का विवरण दिया गया था। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक-अ के जिला इकाई संवर्ग में 279 पद और सामान्य शाखा में 40 पद शामिल हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 और पंजीयन लिपिक के 50 पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है। शीघ्रलेखक और स्टेनोग्राफर से संबंधित अलग-अलग श्रेणियों में भी रिक्त पद रखे गए हैं। इस भर्ती में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की श्रेणियां शामिल हैं। हालांकि, अलग-अलग पदों के लिए वास्तविक शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता की पुष्टि विस्तृत विज्ञापन से ही होगी।







