बुवाई से कटाई तक खेती-किसानी का सहारा बन रही पीएम किसान सम्मान निधि

किसान राजाराम को मिली 24वीं किस्त, धान कटाई और मिसाई के खर्चों में मिलेगी राहत

सूरजपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना के तहत शुक्रवार को जारी 24वीं किस्त के रूप में सूरजपुर तहसील क्षेत्र के किसान राजाराम को 2000 रुपये प्राप्त हुआ है। इससे उन्हें धान कटाई के महत्वपूर्ण समय में आर्थिक राहत मिली है। योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दो – दो हजार रुपये के रूप में सीधे बैंक खाते में अंतरित की जाती है।

किसान राजाराम बताते हैं कि प्राप्त राशि का उपयोग वे धान की कटाई, मिसाई और उपज को मंडी तक पहुंचाने में होने वाले खर्च के लिए करेंगे। इससे मजदूरों की मजदूरी और कृषि मशीनों के किराये का भुगतान करने में सहायता मिलेगी।वे बताते हैं कि धान की रोपाई से पहले भी उन्हें योजना से एक किस्त प्राप्त हुई थी, जिसका उपयोग उन्होंने खेती-किसानी के कार्यों, खाद-बीज तथा खरपतवार नियंत्रण के लिए दवाइयों की खरीदी में किया था।

राजाराम बताते हैं कि पहले खेती के लिए खाद-बीज खरीदने और मजदूरों को भुगतान करने सहित अन्य कृषि कार्यों के लिए कर्ज लेना पड़ता था। इससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन पीएम किसान सम्मान निधि की राशि मिलने से खेती के जरूरी खर्चों को पूरा करने में मदद मिल रही है और कर्ज पर निर्भरता कम करने में सहूलियत हो रही है।वे बताते हैं कि योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता खेती के महत्वपूर्ण समय में काफी उपयोगी साबित हो रही है। समय पर मिलने वाली यह राशि कृषि कार्यों के खर्चों को पूरा करने में मददगार है और किसानों को आर्थिक संबल दे रही है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment