धमतरी में राज्योत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, 25 विभागों की विकास प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण का केंद्र

डॉक्टर शोभाराम देवांगन खेल मैदान में सजेगा राज्योत्सव का मंच, स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दमादम मस्त कलंदर बैंड ग्रुप जमाएगा रंग

धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में जिले में राज्योत्सव को पूरे गरिमामय वातावरण और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। स्थानीय डॉक्टर शोभाराम देवांगन खेल मैदान में आयोजित होने वाले इस समारोह को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

राज्योत्सव के अवसर पर लगभग 25 विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र एवं विभागीय प्रदर्शनी लगाई गई है। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी।

समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष छटा देखने को मिलेगी। स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ जिले के स्थानीय कलाकार गीत, संगीत, नाटक और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दमादम मस्त कलंदर बैंड ग्रुप की प्रस्तुति होगी, जो समारोह में सांस्कृतिक रंग और उत्साह का नया माहौल बनाएगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदर्शनी गुणवत्तापूर्ण, आकर्षक और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपनी तैयारियां 2 नवंबर को सुबह 11 बजे तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

जिला प्रशासन का प्रयास है कि राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा सके।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment