Dhamtari: विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में आज शाम होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली धमतरी जिले की 34 विभूतियां होंगी सम्मानित

राज्योत्सव की तैयारियाँ पूरी

धमतरी।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का गरिमामय शुभारंभ होगा। एकलव्य खेल मैदान में आयोजित समारोह का शुभारंभ शाम को कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व मंत्री  अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहेंगे।
समारोह का विशेष आकर्षण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 34 विभूतियों का सम्मान होगा। मुख्य अतिथि  अजय चंद्राकर इन विभूतियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों, समर्पण और समाज के प्रति योगदान का अभिनंदन करेंगे। सम्मानित होने वालों में आदिवासी समाज के उत्थान, चिकित्सा, खेल, शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, उद्यमिता, पर्यटन, लोककला, डिजिटल नवाचार और युवा नेतृत्व सहित विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्ति शामिल हैं।
विशेष उल्लेखनीय है कि धमतरी जिले के डुमन लाल ध्रुव को आदिवासी सामाजिक चेतना एवं समाज के उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शहीद वीर नारायण राज्य अलंकरण पुरस्कार तथा ग्राम मुजगहन के डॉ. दिनेश कुमार नाग को आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा एवं शोध-अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए धन्वंतरि सम्मान राज्य अलंकरण से राजधानी रायपुर में आयोजित राज्योत्सव समारोह में सम्मानित किया जा रहा है। इन दोनों विभूतियों का जिला स्तरीय राज्योत्सव में भी विशेष रूप से सम्मान किया जाएगा।
सम्मानित होने वाली अन्य विभूतियों में कुश्ती एवं पहलवानी के क्षेत्र में  लक्ष्मण साहू, नेटबॉल खिलाड़ी  पूजा साहू, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. गुरुदयाल साहू, निःशुल्क आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के लिए  शिवा प्रधान, योग के क्षेत्र में रुचि साहू एवं  सुजय मंडल, चित्रकला के लिए  तनिष्का गुप्ता तथा स्पेशल ओलंपिक में उपलब्धि के लिए  सत्यांशु दीप शामिल हैं।
इसी तरह मशरूम उत्पादन एवं महिला स्वावलंबन के लिए  चोवा राम साहू, ईको टूरिज्म एवं साहसिक बचाव कार्य के लिए  सतवंत कुमार महिलांग, कस्टम मिलिंग में उत्कृष्ट कार्य के लिए राइस मिलर्स, गौरैया संरक्षण के लिए  मोहन साहू, मिलेट्स प्रसंस्करण एवं कृषि उद्यमिता के लिए  द्वारिका साहू, पर्यटन एवं डिजिटल कंटेंट निर्माण के लिए धमतरी टूरिज्म से जुड़े प्रतिभाशाली युवा, युवा नेतृत्व एवं नवाचार के लिए  हिमांशु जैन, कार्बन क्रेडिट एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए  सावंत शर्मा तथा डिजिटल नवाचार एवं एआई वीडियो निर्माण के क्षेत्र में योगदान देने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा समाज सेवा, लोककला, कला प्रशिक्षण, अदम्य साहस, कमार समाज में शिक्षा के प्रसार, ड्रोन एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माण, मखाना उत्पादन, शिक्षा एवं पोषण, पोस्टमार्टम सेवाओं, जनप्रयास, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा सर्प संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्तरीय राज्योत्सव केवल उत्सव का आयोजन नहीं, बल्कि जिले की प्रतिभाओं, उपलब्धियों और जनभागीदारी को सम्मान देने का अवसर भी है। यह समारोह उन लोगों के कार्यों को सार्वजनिक पहचान प्रदान करेगा, जिन्होंने अपने समर्पण, नवाचार और सेवा भावना से समाज एवं जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही, उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी को अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने और समाज के प्रति सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगी। जिला प्रशासन द्वारा जिलेवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राज्योत्सव को उत्साह, गरिमा और जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की गई है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment