विधायक अजय चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने किया पुलिस स्टॉल का अवलोकन
धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दिनांक 02 नवंबर 2026 को एकलव्य खेल मैदान, धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह के प्रारंभ में धमतरी पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों की मधुर एवं ओजस्वी धुनों ने पूरे आयोजन स्थल को राष्ट्रभक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा राज्योत्सव स्थल पर विशेष जनजागरूकता एवं प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित किया गया, जहां नवीन आपराधिक कानूनों, यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति एवं नक्सल विरोधी अभियानों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आकर्षक एवं सरल माध्यमों से आम नागरिकों तक पहुंचाई गईं।
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर सहित राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पूर्व विधायक रंजना साहू एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने धमतरी पुलिस के स्टॉल का भ्रमण किया।
इस दौरान अतिथियों ने नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात सुरक्षा तथा पुलिस द्वारा उपयोग किए जाने वाले आधुनिक हथियारों एवं उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। अतिथियों ने धमतरी पुलिस की इस अभिनव जनजागरूकता पहल की सराहना की।
“सेल्फी विथ मी” जोन बना राज्योत्सव का विशेष आकर्षण
धमतरी पुलिस द्वारा स्थापित आकर्षक *“सेल्फी विथ मी” एवं पुलिस कट-आउट फोटो जोन* राज्योत्सव में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां बच्चों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने पुलिस जवानों के साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
पुलिस और आमजन के बीच आत्मीय संवाद एवं विश्वास को बढ़ावा देने वाली इस पहल को नागरिकों का भरपूर प्रतिसाद मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस स्टॉल पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और यादगार तस्वीरें लेकर इस आयोजन को यादगार बनाया।
प्रदर्शनी के माध्यम से दी गई सुरक्षा एवं जागरूकता की महत्वपूर्ण जानकारी
धमतरी पुलिस के स्टॉल में विभिन्न शाखाओं द्वारा अलग-अलग विषयों पर व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारियां प्रदान की गईं।
प्रदर्शनी में प्रमुख रूप से निम्न विषयों पर जागरूक किया गया-
नवीन आपराधिक कानून: नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों एवं नागरिकों के अधिकारों की जानकारी।
यातायात सुरक्षा: यातायात नियमों के उल्लंघन पर कानूनी प्रावधान, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का महत्व तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय।
हाईवे पेट्रोलिंग: सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने एवं गोल्डन ऑवर के महत्व की जानकारी।
साइबर सुरक्षा: ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूकता।
नशा मुक्ति: नशे के दुष्परिणाम एवं नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
आधुनिक हथियार एवं उपकरण: पुलिस के आधुनिक हथियारों एवं सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी के माध्यम से उनकी उपयोगिता से अवगत कराया गया।
प्रदर्शनी में पोस्टर, बैनर, मॉडल एवं डेमो के माध्यम से जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमावली, साइबर जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान से संबंधित पाम्पलेट वितरित कर नागरिकों को जागरूक किया गया।
पुलिस की विभिन्न शाखाओं ने निभाई सक्रिय सहभागिता
इस जनजागरूकता अभियान में धमतरी पुलिस की आर्मोरर टीम, यातायात शाखा, साइबर सेल एवं थाना स्टाफ ने समन्वित रूप से सहभागिता निभाई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आगंतुकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित यातायात व्यवहार एवं पुलिस की विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी दी।
आम नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं सकारात्मक संवाद को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।








