Dhamtari: राज्योत्सव-2026 में लोकसंस्कृति, कला और संगीत की दिखी अनुपम छटा, देर रात तक झूमते रहे दर्शक

स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से लेकर मस्त कलंदर बैंड की संगीत संध्या तक कलाकारों ने बांधा समां
महापौर  रामू रोहरा ने कलाकारों का किया सम्मान

धमतरी।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर धमतरी में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 की सांस्कृतिक संध्या लोककला, संगीत, नृत्य और बाल प्रतिभाओं के नाम रही। स्कूली बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों, छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की मधुर धुनों और मस्त कलंदर बैंड की शानदार संगीत प्रस्तुति ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी एवं आदिवासी वेशभूषा में सजे बच्चों ने लोकगीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पंखुड़ी के आकर्षक कथक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं अरु नेताम की भावपूर्ण भरतनाट्यम प्रस्तुति को खूब सराहना और तालियां मिलीं। प्राथमिक शाला के नन्हे बच्चों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई) जैसे आधुनिक विषय पर रोचक प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा और तकनीकी समझ का परिचय दिया। दिव्यांग बालिका ने भी मंच पर शानदार प्रस्तुति देकर यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होती। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने सांस्कृतिक संध्या में देर रात तक उपस्थित रहकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विभिन्न प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कलाकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में महापौर श्री रोहरा ने कहा कि धमतरी शहर को सुव्यवस्थित, सुविधायुक्त और आधुनिक स्वरूप देने के लिए नगर निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने स्थापना के 26 वर्षों में विकास के अनेक महत्वपूर्ण पड़ाव तय किए हैं। इस विकास यात्रा के साक्षी होने के साथ-साथ हम सभी इसके सहभागी भी हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विकसित छत्तीसगढ़-2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित धमतरी की भी स्पष्ट परिकल्पना है। उन्होंने मंच से विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन से वर्ष 2027 के अंत तक धमतरी शहर का एक नया और विकसित स्वरूप सामने आएगा।
महापौर ने कहा कि पिछले वर्ष धमतरी को विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री  टंकराम वर्मा तथा लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से धमतरी को अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व सौगातें प्राप्त हुई हैं।
उन्होंने बताया कि शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए छत्रपति शिवाजी चौक से आमदी तक फोरलेन सड़क, रुद्री-अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन मार्ग तथा सिहावा चौक से मोहना तक फोरलेन सड़क सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही ऑडिटोरियम, स्टेडियम, बस स्टैंड और नालंदा परिसर जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं के निर्माण की दिशा में भी कार्यवाही आगे बढ़ चुकी है। इन सभी कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इनके धरातल पर आकार लेने से शहर की यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं, खेल गतिविधियों और शैक्षणिक वातावरण को नई मजबूती मिलेगी।
महापौर श्री रोहरा ने कहा कि धमतरी के समग्र विकास के लिए अधोसंरचना के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार भी प्राथमिकता में है। आने वाले समय में नए महाविद्यालय, महाविद्यालय भवन, पॉलीटेक्निक कॉलेज तथा अस्पताल भवन सहित आवश्यक विकास कार्यों को भी स्वीकृति दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने गोकुलपुर से पूर्व दिशा की सड़क तथा संबलपुर से कोलियारी मार्ग जैसी महत्वपूर्ण मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप शेष विकास कार्यों को भी क्रमबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल सड़कों और भवनों का निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाना है। बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन और व्यापार को गति मिलेगी, वहीं शिक्षा एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विकसित हो रहे नए संसाधन युवाओं और प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर प्रदान करेंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्योत्सव-2026 का शुभारंभ कुरूद विधायक  अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह में जिले की विकास यात्रा, छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सुंदर समन्वय देखने को मिला। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की शाम को यादगार बना दिया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment