पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को आवेदन प्रस्तुत करने के लिए मिलेगा अतिरिक्त अवसर
जिला स्तरीय समितियों द्वारा 15 नवम्बर तक आमंत्रित किए जाएंगे आवेदन, 12 जनवरी 2027 को होगा पुरस्कार वितरण
धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित युवा रत्न सम्मान योजना 2026-27 के अंतर्गत पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से आवेदन आमंत्रित करने की अंतिम तिथि में वृद्धि की गई है। अब इच्छुक एवं पात्र युवा तथा स्वैच्छिक संगठन 15 नवम्बर 2026 तक अपने आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। पूर्व में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई थी।
खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ रायपुर द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देश के अनुसार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को आवेदन प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से समय-सीमा बढ़ाई गई है। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित संशोधित समय-सारणी के अनुसार जिला स्तरीय समितियों द्वारा 15 नवम्बर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण 16 से 30 नवम्बर तक किया जाएगा। इसके पश्चात चयन संबंधी प्रस्ताव 01 से 15 दिसम्बर 2026 तक संचालनालय को प्रेषित किए जाएंगे। संचालनालय द्वारा 01 जनवरी 2027 को अंतिम सूची घोषित की जाएगी तथा 12 जनवरी 2027 को पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
युवा रत्न सम्मान योजना का उद्देश्य युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों द्वारा समाज, राष्ट्र निर्माण, जनसेवा तथा विभिन्न रचनात्मक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना है। जिले के पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों से अपील की गई है कि वे निर्धारित संशोधित समय-सीमा का लाभ उठाते हुए 15 नवम्बर तक अपना आवेदन प्रस्तुत करें।








