Dhamtari: प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों को मिलेगा एआई और उद्यमिता विकास का प्रशिक्षण

5 नवंबर को लगेगा जागरूकता शिविर

धमतरी। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने, उनके कौशल को विकसित करने और व्यवसाय को नई दिशा देने के उद्देश्य से 5 नवंबर को धमतरी के लाइवलीहुड कॉलेज में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के विकास कार्यालय रायपुर के विशेषज्ञ जिले के पंजीकृत प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन देंगे।

कार्यक्रम में एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) प्रशिक्षण, उद्यमिता विकास, उत्पादों की कीमत तय करने की रणनीति, बाजार के रुझान, वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता, बिक्री की रणनीतियां, उत्पादों की पैकेजिंग, लेबलिंग और डिजाइनिंग की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही लाभार्थियों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ने, ऑनलाइन उत्पादों की बिक्री करने तथा उद्यम पंजीकरण पोर्टल और उद्यम असिस्ट प्लेटफॉर्म पर पंजीयन की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आधुनिक तकनीक, डिजिटल बाजार और व्यवसाय प्रबंधन से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। कलेक्टर ने जिले के सभी पंजीकृत प्रधानमंत्री विश्वकर्मा लाभार्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर लाइवलीहुड कॉलेज पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment