धमतरी जिले में अब 816 मतदान केन्द्रों पर होगा मतदान, सात नए मतदान केन्द्रों का सृजन

मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद सूची का अंतिम प्रकाशन, कुरूद और धमतरी विधानसभा क्षेत्र में हुए आवश्यक बदलाव

धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग की सहमति एवं स्वीकृति के उपरांत धमतरी जिले में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूर्ण कर मतदान केन्द्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के तहत जिले में कुल सात नए मतदान केन्द्रों का सृजन किया गया है। इसके साथ ही जिले में मतदान केन्द्रों की कुल संख्या बढ़कर 816 हो गई है। जारी अंतिम सूची के अनुसार जिले के विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्रों का विवरण इस प्रकार है। विधानसभा क्षेत्र 56-सिहावा (अ.ज.जा.) में 267, विधानसभा क्षेत्र 57-कुरूद में 263 तथा विधानसभा क्षेत्र 58-धमतरी में 286 मतदान केन्द्र निर्धारित किए गए हैं।
मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के तहत विधानसभा क्षेत्र 57-कुरूद में चार नए मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इसके अलावा एक मतदान केन्द्र का स्थल परिवर्तन तथा तीन मतदान केन्द्रों के भवन परिवर्तन किए गए हैं। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र 58-धमतरी में तीन नए मतदान केन्द्रों का सृजन किया गया है। यहां चार मतदान केन्द्रों के नाम में परिवर्तन तथा दो मतदान केन्द्रों के अनुभाग में बदलाव किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मतदान केन्द्रों में हुए परिवर्तनों की जानकारी आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए। इसके लिए संबंधित तहसील कार्यालयों, स्थानीय निकायों के सूचना पटल, पंचायत भवनों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर संशोधित मतदान केन्द्रों की सूची आम नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए मतदान केन्द्रों में हुए परिवर्तनों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा की गई कार्यवाही से जिला निर्वाचन कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश भी दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य मतदान केन्द्रों की व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाना तथा मतदाताओं को अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों की अद्यतन जानकारी सहजता से उपलब्ध कराना है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment