मेहनत और हौसले से रचा स्वर्णिम इतिहास, बीजापुर की रोशनी-मधु राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

बीजापुर । संघर्ष, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति की मिसाल पेश करते हुए बीजापुर जिले की बेटियों रोशनी कुडियम एवं मधु कुडियम ने खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अंबिकापुर में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका बैडमिंटन वर्ग में दोनों खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया।

सीमित संसाधनों में हासिल की गौरवपूर्ण सफलता- साधारण परिवारों से आने वाली रोशनी एवं मधु ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया। बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दोनों खिलाड़ियों की सफलता जिले की अन्य खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग का महत्वपूर्ण योगदान- जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा निरंतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया जा रहा है। खिलाड़ियों की इस सफलता में प्रशासन का सहयोग, प्रशिक्षकों का समर्पण और खिलाड़ियों की मेहनत महत्वपूर्ण रही। इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री विश्वदीप ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर  आदित्य कुमार कुंजाम, जिला शिक्षा अधिकारी  राजेश पांडेय, सहायक खेल अधिकारी  डी. सुबैया एवं बैडमिंटन प्रशिक्षक  कमलेश्वरी निषाद उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment