धमतरी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को संस्था और पाठ्यक्रम परिवर्तन का अवसर दिया गया है। इसके लिए विद्यार्थी 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आदिवासी विकास विभाग, धमतरी से जारी सूचना के अनुसार छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ऐसे विद्यार्थी, जो शासकीय अथवा अशासकीय आईटीआई, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
यदि किसी विद्यार्थी को संस्था अथवा पाठ्यक्रम बदलने की आवश्यकता है, तो वह विद्यार्थी लॉगिन के माध्यम से संस्था एवं पाठ्यक्रम परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसके लिए आवेदन की सुविधा 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराई गई है।
विभाग ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि वे छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहें। इस संबंध में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रमुख समाचार पत्रों में लगातार तीन दिनों तक सूचना प्रकाशित कराने का आग्रह भी किया गया है।







