धमतरी।धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्रों में तेंदुआ और भालू की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की गश्ती के दौरान बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र में दुधावा जंक्शन मुख्य मार्ग के पास तेंदुआ नजर आया, वहीं बिरगुड़ी बस्ती में भालू घूमता हुआ दिखाई दिया।
वन्यप्राणियों की लगातार चहलकदमी को देखते हुए वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या सुनसान रास्तों पर नहीं जाने की अपील की है।
गौरतलब है कि बीते दिनों तेंदुए ने कारीपानी, बस्तर बुडरा और आमानारा गांव में कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इसके अलावा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से आए दिन तेंदुआ और भालू की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं।
वहीं तेंदुए द्वारा मवेशियों का शिकार किए जाने की घटनाएं भी लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे में वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है,वन्यप्राणियों की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।








