बालोद। जिले में एक दामाद ने शराब के नशे में अपने मामा ससुर पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला महामाया थाना क्षेत्र के आडेझर गांव का है। आडेझर निवासी 60 वर्षीय रत्तीराम घटना के दौरान अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी सुखराम नेताम शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद कर रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में सो रहे अपने मामा ससुर रत्तीराम पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर खूंटे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही महामाया थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







