नई दिल्ली। मदर डेयरी ने दूध की कीमतें 2-4 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी हैं। नई दरें गुरुवार 11 नवंबर 2026 से लागू होंगी। दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई, 2026 को कीमतें बढ़ाई थीं।
सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद कीमतें बढ़ गई हैं जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई बढ़ोतरी का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-एनसीआर बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कुल मिलाकर, कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है।
एनसीआर में टोंड दूध (थोक में बिकने वाला) की कीमत 58 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 60 रुपये कर दी गई है। फुल क्रीम दूध (पाउच वाला) अब 72 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। टोंड दूध (पाउच वाला) की कीमत 60 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।







