Dhamtari : जिला शिक्षा अधिकारी ने किया विद्यालयों का सघन निरीक्षण

धमतरी। जिले में बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम को बेहतर बनाने और अधिकाधिक विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अंक दिलाने के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन नब्बे पार के तहत जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने विभिन्न विद्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम पूर्णता, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्राचार्यों एवं शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण कराने तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

ओरेकल पब्लिक स्कूल, धमतरी (अशासकीय) के निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण नहीं होने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को शीघ्र पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष उपचारात्मक कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिए।

स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, चर्रा में प्राचार्य ने बताया कि त्रैमासिक परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों का स्तरवार चिन्हांकन कर उपचारात्मक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। साथ ही पालकों, विशेषकर माताओं से संपर्क कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति एवं परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जा रही है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment