मनीष सरवैया@ महासमुंद। महासमुंद जिले के बेमचा स्थित जिला जेल से तड़के सुबह चार कैदियों के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कैदियों के जेल से भागने की खबर मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना ने जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिरकार कड़ी निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बावजूद चार कैदी जेल से बाहर निकलने में कैसे कामयाब हो गए, यह जांच का विषय बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, फरार होने वाले कैदियों में धरमवीर योगी, लीलाधर पाल, राजेंद्र राज चौधरी और पंचुराम निषाद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये कैदी गांजा तस्करी और चोरी जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में सजा काट रहे थे। सुबह जब कैदियों के फरार होने की जानकारी सामने आई तो जेल प्रबंधन में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना के बाद महासमुंद पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई है और फरार कैदियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर खोजबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस ने चारों फरार कैदियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी कर आम नागरिकों से उनके संबंध में जानकारी देने की अपील की है।
इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुरक्षा में चूक कहां हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? फिलहाल पुलिस की तलाश और मामले की जांच के बाद ही फरारी के पूरे घटनाक्रम तथा सुरक्षा में हुई चूक की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।








