मौके पर मौजूद ED अधिकारियों ने बताया कि विट्ठल ग्रीन्स में कुल 385 प्लॉट हैं. इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं. इसलिए उन्हें इस कार्रवाई से अलग रखा गया. बाकी 355 प्लॉटों पर एजेंसी ने कब्जा लिया है. जब्त संपत्तियों में एक व्यावसायिक प्लॉट भी शामिल है.
इन सभी संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 61 करोड़ रुपये बताई गई है. नोटिस में कब्जे में ली गई संपत्तियों और संबंधित प्लॉटों का विवरण दर्ज किया गया है.
यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में करीब 2,883 करोड़ रुपये से अधिक के शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है. दरअसल, ED का आरोप है कि शराब घोटाले से हासिल अवैध रकम का इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने में किया गया. एजेंसी इसी आरोप की जांच कर रही है.
जांच एजेंसी के मुताबिक, कथित घोटाले का संबंध 2019 से 2023 के बीच के समय से है. यह अवधि छत्तीसगढ़ में पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की है. हालांकि, घोटाले और संपत्तियों से जुड़े आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होना है.








